अगली ख़बर
Newszop

कल का मौसम 25 सितंबर 2025: यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों से मॉनसून की विदाई.. लेकिन अभी भी जारी रहेगा बारिश का दौर

Send Push
नई दिल्ली: मॉनसून के वापसी का दौर शुरू हो गया है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों से 24 सितंबर तक लौट चुका है। अगले 2-3 दिनों में और इलाकों से मॉनसून की विदाई की संभावना है।



IMD के अनुसार, एक निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तरी ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और गंगीय पश्चिम बंगाल के आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है और 25 सितंबर के आसपास उत्तर और आसपास के मध्य बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। जिससे ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र, गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। जानते हैं कल आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम...



दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में कल मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक रहने की संभावना है। शाम और रात के दौरान हवा की गति कम होकर पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटा से कम हो जाएगी। वहीं 26 सितंबर को भी मॉनसून की यही स्थिति बनी रहेगी। जबकि 27 सितंबर को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि उस दिन भी बारिश होने की संभावना नहीं है।



उत्तर प्रदेश में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण गर्मी और उमस बढ़ रही है। हालांकि, 25 सितंबर के आसपास एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में हल्की बारिश हो सकती है। इस अवधि में प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश होने का अलर्ट नहीं जारी किया गया है।



उत्तराखंड में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड में मानसून के बारिश का दौर थमा तो सूरज ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देहरादून में मंगलवार का दिन उमस भरी गर्मी वाला रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी है। इसका असर तापमान पर देखने को मिल रहा है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज शुष्क बना रहने का अनुमान है। हालांकि देहरादून सहित सात जिलों में हल्की बौछार होने के आसान है।







बिहार-झारखंड में कल कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार से मॉनसून वापस लौटने लगा है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। वहीं राज्य में 28 और 30 सितंबर को गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं झारखंड में आज हल्की से भारी बारिश होने के आसार हैं।



पूर्व और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार, ओडिशा में 27 सितंबर तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 24 और 25 सितंबर को मूसलाधार बारिश जारी रहने का अलर्ट है।



पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश

मौसम विभाग के अनुसार, 29–30 सितंबर को पूर्वी एमपी, 28–30 सितंबर को पश्चिमी एमपी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि गंगीय पश्चिम बंगाल में 27 सितंबर को भारी वर्षा हो सकती है।

न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें