Next Story
Newszop

उत्तराखंड का मौसम 1 मई 2025: अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, चारधाम यात्रा मार्ग पर सतर्कता की हिदायत

Send Push
रश्मि खत्री, देहरादून: उत्तराखंड का मौसम 1 मई 2025: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश भर में जगह-जगह ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ तीव्र बौछारें पड़ सकती है। मौसम विभाग ने चार धाम यात्रा मार्ग पर बारिश के चलते सतर्कता बरतने की हिदायत दी है। उत्तराखंड में मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। भीषण गर्मी के बीच आंशिक बादल राहत दे रहे हैं। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का क्रम भी बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। बुधवार को देहरादून सहित अधिकांश क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप खिली रही और शाम के समय बादल मंडराने लगे। जबकि पर्वतीय क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ी है। पर्वतीय क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश से भीषण गर्मी से फौरी राहत भी मिली है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है। प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्र तक हवा चलने से उमस भरी गर्मी से राहत है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में आज पहाड़ से लेकर मैदान तक आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बौछार और गर्जन के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में भी अंधड़ को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में आकाशीय बिजली चमकने को लेकर भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। चारधाम और यात्रा मार्गों पर बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। जिसको लेकर विभाग ने संबंधित जिलों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी है। वही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन को लेकर सतर्कता रखने और वाहनों की आवाजाही की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए भी कहा गया है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने के असर है।
Loving Newspoint? Download the app now