India vs England 1st Test Day 1 Highlights: इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने हेडिंग्ले में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाज़ी में दबदबा दिखाया। यशस्वी जायसवाल(Yashasvi Jaiswa) ने इंग्लैंड में अपने पहले टेस्ट में शानदार 101 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल(Shubman Gill) ने नाबाद 127 रन ठोककर लीड्स में भारतीय पारी को मजबूती दी। ऋषभ पंत(Rishabh Pant) ने भी अर्धशतक लगाया और दिन का अंत भारत ने 359/3 के स्कोर पर किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारत की शुरुआत मजबूत रही। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले घंटे में इंग्लिश गेंदबाज़ों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने धैर्य और आक्रामकता के सही संतुलन से रन बटोरे और पहले 10 ओवर में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। राहुल ने कुछ शानदार कवर ड्राइव लगाए, जबकि जायसवाल ने नीचे से गेंदों को सीमा पार भेजा। हालांकि सेशन के अंत में इंग्लैंड को दो सफलता मिली पहले राहुल 42 रन पर स्लिप में कैच दे बैठे और फिर डेब्यू कर रहे बी साई सुदर्शन बिना खाता खोले चलते बने। लंच तक भारत ने 92/2 रन बना लिए थे। लंच के बाद कप्तान शुभमन गिल और जायसवाल ने मिलकर इंग्लैंड की वापसी की उम्मीदों को तोड़ दिया। दोनों ने टिककर बल्लेबाज़ी की और खास बात यह रही कि गिल ने अपने करियर की सबसे तेज़ टेस्ट फिफ्टी (56 गेंदों में) ठोकी। जायसवाल को शतक के दौरान क्रैम्प्स की परेशानी हुई लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और 144 गेंदों में शानदार शतक पूरा किया। सेशन में एक भी विकेट नहीं गिरा और चाय तक भारत 215/2 रन तक पहुंच गया। चाय के बाद जायसवाल ज्यादा देर टिक नहीं सके और 101 रन पर स्टोक्स का शिकार बन गए। इसके बाद पंत और गिल ने मोर्चा संभाला। पंत ने आते ही स्टोक्स को लॉन्ग ऑफ पर चौका लगाकर खाता खोला और फिर संभलकर खेलते हुए अपना अर्धशतक भी पूरा किया। गिल दूसरी ओर शांत और सटीक नजर आए और 127 रन पर नाबाद लौटे। इस पारी के साथ गिल अपने पहले टेस्ट कप्तान के रूप में पहली पारी में शतक लगाने वाले चुनिंदा भारतीय कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो गए। Also Read: LIVE Cricket Score भारत ने पहले दिन का खेल 359/3 के मजबूत स्कोर पर खत्म किया, जहां कप्तान शुभमन गिल 127 रन और उपकप्तान ऋषभ पंत 65 रन बनाकर नाबाद लौटे। पहले ही दिन भारतीय बल्लेबाजों ने जिस अंदाज़ में इंग्लिश गेंदबाज़ों का सामना किया, उसने मैच पर भारत की पकड़ मजबूत कर दी है।
Next Story
IND vs ENG: हेडिंग्ले में भारत का धमाका, जायसवाल और गिल के शतकों से पहले दिन इंग्लैंड पर भारी
Send Push